Fri. Sep 20th, 2024
IndiaShan Times YouTube Channel

किसी भी फरियादी को एक ही समस्या के लिए बार-बार न आना पडे, एक बार में ही करें निस्तारण

बांदा जनपद में सोमवार 22 जुलाई को आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल बाँदा बालकृष्ण त्रिपाठी, डीआईजी अजय कुमार सिंह एवं जिलाधिकारी बाँदा नगेन्द्र प्रताप की उपस्थित में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील बबेरू के सभागार में किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में आयुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी ने जिला स्तरीय अधिकारियोें को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस एवं 10 से 12 में प्राप्त होने वाली जन शिकायतों का गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्धता के साथ प्राथमिकता पर निस्तारण करें। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी फरियादी को एक ही समस्या के लिए बार-बार न आना पडे, अधिकारी जनता की समस्याओं को गम्भीरता से लेते हुए उनका तत्परता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि शिकायत के निस्तारण केे समय फरियादी से भी एक बार सम्पर्क कर निस्तारण के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त कर लें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीआईजी अजय कुमार सिंह ने अधिकारियों को कहा कि पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम आपसी विवाद, भूमि पैमाइश एवं अन्य विवादित समस्याओं का मौके पर निरीक्षण करते हुए संयुक्त रूप से जाॅच कर समस्याओं का निस्तारण करें। जिलाधिकारी नगेन्द्र प्रताप ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि किसी भी छोटी से छोटी समस्या को भी गम्भीरतापूर्वक लेते हुए उसका समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जिन क्षेत्रों में बाढ की स्थिति उत्पन्न होती है, उनका निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थायें समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। आयुक्त द्वारा तहसील परिसर में अटल वाटिका का भी शुभारम्भ किया गया तथा तहसील परिसर में मण्डलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी सहित सभी अधिकारियों ने बृहद वृक्षारोपण के अन्तर्गत वृक्षारोपण भी किया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में ग्राम सगरा के एक फरियादी द्वारा सरकारी चक मार्ग की मरम्मत कराये जाने के सम्बन्ध में आवेदन पर जिला विकास अधिकारी को तत्काल कार्यवाही कर चकमार्ग को ठीक कराये जाने के निर्देश दिये। ग्राम भदेेहदू के फरियादियों द्वारा रास्ता से कब्जा हटाकर विद्युत पोल लगवाये जाने के सम्बन्ध में आवेदन देेने पर लेखपाल एवं विद्युुत विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर समस्या का निस्तारण शीघ्र किये जाने के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में एक फरियादी द्वारा गाॅव लुधौरा खुर्द में अराजक लोगों द्वारा उसकी भूमि पर अवैध कब्जा किये जाने की शिकायत पर तहसीलदार को मौके पर जाकर जाॅच कर कब्जे को हटाने के लिए कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। ग्राम मिलाथू के एक व्यक्ति द्वारा उसकी भूमि पर तार घेरकर कब्जा किये जाने तथा भूमिधरी जमीन पर अवैध कब्जा किये जाने किये जानेे की शिकायत पर नायब तहसीलदार एवं तहसीलदार को कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल-154 शिकायतें एवं समस्यायें प्राप्त हुई, जिसमें से मौके पर-12 समस्याओं का निस्तारण किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, आपूर्ति, समाजकल्याण आदि सम्बन्धित विभागों से सम्बन्धित शिकायते प्राप्त हुई, जिनका गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण कराये जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य, उप जिलाधिकारी नमन मेहता, जिला विकास अधिकारी सहित सम्बन्धित विभागों के जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *