Sun. Feb 1st, 2026
IndiaShan Times YouTube Channel

आयुक्त ने गोंडा तहसील पहुंचकर सुनी जनसमस्याएं

अहमद रजा खान जोनल ब्यूरो चीफ देवीपाटन मंडल इंडिया शान टाइम्स न्यूज

गोंडा संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आयुक्त देवीपाटन मंडल ने डीआईजी देवीपाटन के साथ गोण्डा तहसील पहुंचकर फरियादियों की शिकायतों को सुना व मौके पर अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 92 मामले आये जिसमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। मण्डलायुक्त में कई फरियादियों की समस्याओं को स्वयं सुना एवं सम्बन्धित अधिकारी को बुलाकर तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। झंझरी ब्लाक के पवन कुमार तिवारी ने कई बार आवेदन दिए जाने के बावजूद मृत्यु प्रमाण पत्र न बनाये जाने के संबंध में शिकायती पत्र देते हुए आयुक्त को बताया कि उनकी माता की मृत्यु विगत 6 मई 2024 को हुई थी। विकास खंड कार्यालय में कई बार आवेदन पत्र देने के बाद भी आज तक मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बनाया गया। इस पर आयुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी गोण्डा को जांच कर लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही करने तथा समय सीमा के अंतर्गत प्रार्थी को मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। धाना धानेपुर ब्लाक इटियाथोक निवासी रजकला ने आयुक्त को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि विपक्षी गणों द्वारा उनके अर्ध विक्षिप्त लड़के को झाड़फूक के बहाने बुलाकर संपूर्ण अंश का फर्जी बैनामा करा लिया गया है साथ ही किसी को ना बताने पर जान से मारने की धमकी दी है। इस पर आयुक्त ने डीएम गोंडा को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा इटियाथोक की निवासी रीना ने प्रार्थना पत्र देते हुए निवेदन किया कि व बहुत गरीब महिला है उसके पास रहने हेतु कोई मकान नहीं है उन्होंने आवासीय सहायता दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि आवास ना होने के कारण वह फूस छप्पर में रहकर गुजर बसर कर रही है। आयुक्त ने सीडीओ को पात्रता की जांच कर आवास दिलाने के आदेश दिए।
आयुक्त में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। जहां आवश्यक हो टीम बनाकर जांच की जाए। उन्होंने समय सीमा को विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत पत्र व आवेदन पत्रों का समय सीमा के अंतर्गत ही निस्तारण किया जाए। ऐसा न करने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। इस मौके पर डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद सिंह देवीपाटन, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार न्यायिक, सीओ सिटी व कानूनगो, लेखपाल सहित सभी अधिकारी आदि मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *